Saturday, July 27, 2024
Homeउत्तर प्रदेशनोएडा-ग्रेटर नोएडापूरा शहर थमा : नोएडा वाले बोले- आज से पहले ऐसा ट्रैफिक...

पूरा शहर थमा : नोएडा वाले बोले- आज से पहले ऐसा ट्रैफिक जाम कभी नहीं देखा

Tricity Today | पूरा शहर थमा




Noida Farmers Protest : नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से हज़ारों की संख्या में किसानों ने दिल्ली कूच किया है। जिसके चलते नोएडा-दिल्ली और ग़ाज़ियाबाद-दिल्ली बॉर्डर सील किए गए हैं। पूरा नोएडा शहर इस वक़्त थमा हुआ है। हर सड़क पर लंबा ट्रैफ़िक जाम है। हज़ारों हज़ार वाहन जाम में हैं। लोग सोशल मीडिया पर वीडियो और फ़ोटो पोस्ट कर रहे हैं। लिख रहे हैं, “मानो पूरा शहर थम गया है। आज से पहले नोएडा में इतना बुरा ट्रैफ़िक जाम कभी नहीं देखा।”




सुबह से सड़कों पर किसानों का रैला

गौतमबुद्ध नगर के किसानों ने क़रीब 10 दिन पहले ऐलान कर दिया था। किसानों के करीब बीस संगठनों ने महापंचायत करके संयुक्त घोषणा की। किसानों ने कहा था कि हम लोग पिछले क़रीब एक साल से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की पंचायत, महापंचायत और धरना-प्रदर्शन चल रहे हैं। सरकार और विकास प्राधिकरण के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। लिहाज़ा, अब दिल्ली जाकर संसद को अपनी बात सुनानी पड़ेगी। किसानों ने 8 फ़रवरी को दिल्ली कूच का ऐलान किया था। इस घोषणा के मुताबिक बुधवार की सुबह नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दनकौर, ज़ेवर, रबूपुरा, दादरी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़ और ग़ाज़ियाबाद से किसानों के समूह मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह नोएडा-ग्रेटर नोएडा पहुंचे। अब सुबह 11 बजे से किसानों के जत्थों ने दिल्ली की तरफ़ कूच किया है।


पुलिस ने सारे बॉर्डर सील किए

दूसरी तरफ पुलिस ने किसानों को दिल्ली में दाख़िल नहीं होने देने का पूरा इंतज़ाम कर रखा है। नोएडा और दिल्ली के सारे बॉर्डर सील हैं। कालिंदी कुंज, चिल्ला बोर्ड और डीएनडी पर भारी फ़ोर्स तैनात किया गया है। ऊंची बैरिकेडिंग लगायी गई है। दूसरी तरफ़ दिल्ली पुलिस ने भी किसानों को रोकने के पुख़्ता इंतज़ाम किए हैं। किसानों ने बेहद रणनीतिक तरीक़े से दिल्ली कूच किया। सबसे आगे हज़ारों महिलाओं का जत्था बोर्डर पर पहुंचा। उसके पीछे युवा और फिर बुजुर्गों की जमात ने कूच किया। इस वक़्त किसानों को दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस ने रोक कर रखा है। शुरुआत में किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। फ़िलहाल किसान सड़क पर डेरा डालकर बैठ गए हैं। जिसकी वजह से दिल्ली और गौतमबुद्ध नगर के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।


आगे क्या होगा

मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए किसानों का दिल्ली में दाख़िल होना संभव नहीं है। किसान संगठनों के पदाधिकारियों से हुई बातचीत में पता चला है कि किसान अब बोर्डर पर ही महापंचायत करेंगे। इस महापंचायत में आगे की रणनीति पर फ़ैसला लिया जाएगा। संभावना है कि किसान बोर्डर पर ही डेरा डाल देंगे। ऐसे में नोएडा-दिल्ली के बीच सड़क अगले कुछ दिनों के लिए बंद रह सकती है। पुलिस और प्रशासन किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अफ़सरों का कहना है कि धरना स्थल पर वापस लौट जाएं। दूसरी तरफ किसान दिल्ली में घुसकर संसद जाने की ज़िद पर अड़े हुए हैं। ऐसे में दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का यह आंदोलन अगले कुछ और दिन बढ़ सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments