Tricity Today | नोएडा एक्सप्रेसवे पर किसानों ने डाला डेरा
Noida News : एक बार फिर नोएडा में किसानों और पुलिस अफसरों के बीच नोकझोंक की स्थिति पैदा हो गई। किसान इस समय नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित दलित प्रेरणा स्थल के सामने सामने बैठे हुए हैं। किसानों को पुलिस ने रोक दिया है। पुलिस का प्रयास है कि किसान अपने धरने को खत्म करके वापस लौट जाए। दूसरी तरफ किसानों का कहना है कि उनके साथियों को तत्काल छोड़ जाए। पुलिस अधिकारियों के सामने किसानों ने अपनी शर्त रख दी है। किसानों को कहना है कि पहले उनकी शर्तों को पूरा किया जाए, उसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
मजबूरी में दिल्ली जाना चाहते हैं किसान, लेकिन पुलिस ने रोका
किसान अपनी मांगों को लेकर काफी समय से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में धरना दे रहे हैं, लेकिन किसी ने किसानों पर ध्यान नहीं दिया। अब मजबूरी में किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जाना चाहते हैं। हजारों की संख्या में किसान इकट्ठा होकर दिल्ली की तरफ कूच करके रहे हैं, लेकिन उनको नोएडा पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। किसान दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन नोएडा पुलिस के अफसर उनको आगे नहीं जाने दे रहे है। काफी किसानों को पुलिस ने नजरबंद कर लिया और कई किसानों को हिरासत में भी लिया गया है। कुल मिलाकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में करीब 100 से ज्यादा किसान पुलिस की निगरानी में कैद हैं।
जिले में धारा 144 के साथ हाईअलर्ट जारी
अपनी मांगों को लेकर किसान हजारों की संख्या में इकट्ठा होकर दिल्ली संसद भवन की तरफ जाना चाहते हैं। इसके लिए काफी समय से प्लानिंग की जा रही थी। गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चला जा रहा था। जिसमें फैसला लिया गया कि गुरुवार 8 फरवरी 2024 को किसान इकट्ठा होकर दिल्ली जाएंगे। इस जानकारी के बाद पुलिस भी एक्टिव हो गई। इस समय नोएडा और ग्रेटर नोएडा में धारा 144 के साथ हाईअलर्ट भी जारी है। पुलिस का प्रयास था कि कोई भी किसान दिल्ली ना पहुंच पाए। इसके लिए अलग-अलग स्थान पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन किसानों में काफी महिलाओं की संख्या भी है, लेकिन किसान किसी के रुकने में नहीं आ रहे।