Google Image | प्रतीकात्मक फोटो
Delhi News : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सियासी माहौल तेज हो गया है। 20 जनवरी को नामांकन वापसी का आखिरी दिन था। जिसमें 20 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। अब चुनावी मैदान में कुल 699 प्रत्याशी बचे हैं। सबसे बड़ी जंग नई दिल्ली विधानसभा सीट पर लड़ी जाएगी। जहां 23 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इसमें चार महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। इस सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के अरविंद केजरीवाल, भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के बीच मुकाबला होगा।
जनकपुरी विधानसभा में भी 16 उम्मीदवार मैदान में
इसके अलावा, कस्तूरबा नगर और पटेल नगर विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कस्तूरबा नगर में आप, भाजपा, कांग्रेस, बसपा और एक निर्दलीय उम्मीदवार हैं। वहीं, पटेल नगर में भी यही स्थिति है। जहां आप, भाजपा, कांग्रेस, बीएसपी और एक छोटी पार्टी के उम्मीदवार हैं। जनकपुरी विधानसभा में भी 16 उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान 1522 नामांकन पत्रों में से 719 वैध पाए गए थे।
2020 के चुनाव से अधिक है इस बार संख्या
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को नामांकन वापसी के बाद 699 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। इस बार उम्मीदवारों की संख्या 2020 के चुनाव से अधिक है, जहां कुल 672 उम्मीदवार थे। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में भी 28 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, जो इस बार 23 हो गए हैं। चुनावी प्रक्रिया को लेकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सियासी रण अब पूरी तरह से तैयार है।