Google Images | Symbolic Image
Noida News : मंगलवार को नोएडा में कांवड़ यात्रा में बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय दिखा। कांवड़िये गंगोत्री, ऋषिकेश, हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने आराध्य भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिवालय की ओर बढ़ रहे हैं। शहर में रोजाना करीब दो हजार कांवड़िये कांवड़ में जल लेकर गुजर रहे हैं।
शिविरों में बढ़ती दिखी रौनक
नोएडा में बने कांवड़ शिविरों में मंगलवार से रौनक कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। यहां कांवड़िये कुछ समय विश्राम के लिए रुक रहें हैं। केसरिया रंग में रगें हुए कांवड़िये जल भरकर भोले का जयकारा लगाते हुए शहर से निकल रहे हैं। सबसे अधिक फरीदाबाद, पलवल, हरियाणा और दिल्ली के श्रद्धालु कांवड़ लेकर आ रहे हैं। कांवड़ियों के जत्थों में सबसे अधिक युवा फिर बुजुर्ग, महिला और बच्चे हैं। जब एक भोले थक जाता है, तो दूसरा भोले कांवड़ उठा लेता है।
पैरों में घुंघरू बांध स्केटिंग कर लौटे
ग्रेटर नोएडा और नोएडा में रहने वाले युवा पैरों में घुंघरू बांध स्केटिंग के जरिए रफ्तार में कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। उन्होंने ने बताया कि वह सभी लोग स्केटिंग करते हुए कांवड़ लेने गए थे। सेक्टर 14 ए उनका अंतिम पड़ाव है। इसके बाद वह भगवान शिव का कांवड़ के जल से जलाभिषेक करेंगे।