Google Image | मृतक अर्जुन और घटनास्थल की फोटो
Noida News : नोएडा लिंक रोड पर आधी रात में एक तेज रफ्तार बोलेरो बलेरो कार में टक्कर मारकर दूसरी तरफ जाकर टाटा ईवी टैक्सी से जा टकराई, जिसमें एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में आधी रात के बाद नोएडा लिंक रोड पर हुए हादसे को देखकर वहां से गुजर रहे लोग सहम गए। इस दौरान करीब 30 मिनट तक दो शव अंदर ही फंसे रहे। जिन्हें पुलिस के आने के बाद कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया।
नोएडा से जा रहे थे घर
पुलिस को बलेनो कार में सवार आकाश ने बताया कि वह नोएडा से काले खां स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बोलेरो कार आई और डिवाइडर पार करते हुए उनकी कार को एक तरफ से टक्कर मारते हुए टैक्सी पर जा गिरी। इससे डिवाइडर की रेलिंग काफी दूर तक टूट गई। जांच में पता चला कि बोलेरो चालक मौज-मस्ती करने के लिए सड़क पर निकला था। हादसे के बाद दिल्ली से नोएडा और नोएडा से दिल्ली जाने वाले नोएडा लिंक रोड पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। देर रात दिल्ली पुलिस जाम खुलवाती नजर आई।
संजीव भी हुआ बेहोश
सूचना के बाद पीसीआर की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। टैक्सी में ड्राइवर की सीट पर अर्जुन का शव फंसा हुआ था। पीछे बैठी सुमन का शव भी फंसा हुआ था। सुमन का पति संजीव कार से उतरकर सड़क पर बैठ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद वह भी बेहोश हो गया। लोगों की मदद से पुलिस ने किसी तरह टैक्सी के ऊपर चढ़ी कार को एक तरफ किया। सबसे पहले टैक्सी का टूटा हुआ दरवाजा खींचकर अर्जुन के शव को बाहर निकाला गया। उसके बाद सुमन को बाहर निकाला गया। उसे एंबुलेंस से नोएडा अस्पताल भेजा गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
देर रात पुलिस ने अर्जुन सिंह के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। परिजन खुर्जा, बुलंदशहर से दिल्ली पहुंचे। एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में बेटे का शव देखकर बुजुर्ग शिशुपाल सिंह बेहोश हो गए। जवान बेटे की मौत ने पूरे परिवार को बुरी तरह तोड़ दिया है। अर्जुन के भाई दीपक ने बताया कि उनका भाई पिछले दो साल से ब्लू स्मार्ट टैक्सी चला रहा था। परिवार में पत्नी प्रीति देवी के अलावा आठ वर्षीय बेटी मानवी, छह वर्षीय बेटा मनीष, पिता शिशुपाल, मां ऊषा देवी और दादी प्रेमवती देवी हैं।
दादरी में रहता था अर्जुन
अर्जुन गौतमबुद्ध नगर के दादरी स्थित तुलसी विहार-2 में किराए के मकान में रहता था। वहीं, बुजुर्ग सुमन और संजीव अपने परिवार के साथ गुरुग्राम में रहते थे। शनिवार को वे नोएडा में किसी रिश्तेदार से मिलने आए थे। देर रात लौटते समय उनका एक्सीडेंट हो गया। बुजुर्ग को उनका बेटा इलाज के लिए गुरुग्राम ले गया। दोनों के परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।