Friday, February 6, 2026
Homeछत्तीसगढ़रायपुरबस्तर गोंचा महापर्व 2025 के तहत 26 जून को होगी नेत्रोत्सव पूजा,...

बस्तर गोंचा महापर्व 2025 के तहत 26 जून को होगी नेत्रोत्सव पूजा, खत्म होगा महाप्रभु जगन्नाथ का अनसर काल

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

जगदलपुर।बुधवार को 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने श्री जगन्नाथ मंदिर में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए बस्तर गोंचा महापर्व 2025 के तहत होने वाले विभिन्न धार्मिक और संस्कृत पूजा विधानों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज अपने अनवरत् 618 वषों से समृद्ध रियासतकालीन परम्परा का निर्वहन करते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दिनांक 11 जून 2025 से 06 जुलाई 2025 तक बस्तर गोंचा महापर्व का आयोजन कर रही है।विगत 11 जून 2025 को देवस्नान पूर्णिमा (चंदन जात्रा) पूजा विधान के साथ बस्तर गोंचा महापर्व 2025 का आगाज हो चुका है।

भगवान श्री श्री जगन्नाथ जी के अनसर काल की समाप्ति के साथ दिनांक 26 जून 2025 को नेत्रोत्सव पूजा विधान के उपरांत दिनांक 27 जून 2025 को पारम्परिक बस्तर के तोप (तुपकी) के गर्जना के बीच श्रीगोंचा रथयात्रा पूजा विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व बलभद्र स्वामी के 22 विग्रहों को तीन रथों पर रथारूढ़ कर परिकमा उपरांत जनकपुरी (गुण्डिचा मण्डप) में विराजित किये जायेंगे, जहाँ अनवरत 9 दिनों तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इस दौरान निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार दिनांक 27 जून से 05 जुलाई 2025 तक प्रत्येक दिवस समाज के द्वारा विविध धार्मिक / सांस्कृतिक अनुष्ठान (कार्यक्रमों) की परम्परा के निर्वहन की व्यवस्था भी की गई है।

वेद प्रकाश पांडे ने बताया गोंचा महापर्व के दौरान प्रत्येक दिवस संध्या 7:30 बजे भगवान की महाआरती के उपरांत भजन-कीर्तन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन होंगे, जिसमें स्थानीय एवं सांस्कृतिक मंत्रालय छत्तीसगढ़ शासन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति होगी।

वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को परम्परानुसार गोंचा महापर्व में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रण समाज के प्रतिनिधि मंडल द्वारा बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दिया गया। मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री व बस्तर प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने बाहुड़ा गोंचा के शुभ अवसर पर दिनांक 05 जुलाई 2025 को सम्मिलित होने के लिए आश्वस्त किया है। साथ ही छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधियों का भी पर्व में शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि समाज द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष दिनांक 30 जून 2025 को अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन श्री बनमाली पानीग्राही परिवार जगदलपुर के द्वारा किया जावेगा। निःशुल्क उपनयन संस्कार दिनांक 04 जुलाई 2025 को समाज के द्वारा सम्पन्न करवाया जावेगा।

दिनांक 01 जुलाई 2025 हेरापंचमी को दोपहर में समाज के बुजुर्गो का सम्मान के साथ-साथ भगवान श्री श्री जगन्नाथ को सलामी देने हेतु तुपकी बनाने वाले ग्रामीण तुपकी निर्माताओं का भी सम्मान किया जावेगा, हेरापंचमी के शुभ अवसर पर संध्या बेला में श्री श्री जगन्नाथ मंदिर से लक्ष्मीजी की डोली नगर भ्रमण कर जनकपुरी सिरहासार पंहुचेगी, जहां लक्ष्मी-नारायण संवाद का कार्यक्रम सम्पन्न होगा।

दिनांक 02 जुलाई 2025 को गुण्डिचा मण्डप सिरहासार में भगवानश्री जगन्नाथ प्रभु को श्री ओंकार पाण्डे परिवार जगदलपुर के द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी छप्पन भोग का अर्पण कार्यक्रम सम्पन्न किया जावेगा।

गोंधा महापर्व को मेला का स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्व के दौरान 8 दुकानें स्थापित की जा रही है। जहां पूजा सामग्रियों व धार्मिक वस्तुओं के साथ-साथ भगवान श्री जगन्नाथ को प्रिय भोग प्रसाद भी श्रद्धालुओं के लिये उपलब्ध होंगे।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगरपालिक निगम जगदलपुर के सहयोग से गोंचा गुड़ी का निर्माण करवाया जा रहा है। जहाँ पर दिव्यांग, वृद्धजन भी बैठकर गोचा महापर्व का आनन्द प्राप्त कर सकेंगे । नगर निगम के द्वारा गोंचा महापर्व के दौरान शुद्ध पेयजल एवं साफ-सफाई की महत्वपूर्ण व्यवस्था भी प्रदान की जावेगी ।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष ने कहा लि शताब्दियों से रियासतकालीन परम्परानुसार भगवान श्री जगन्नाथ को अमनिया अर्थात् सात्विक शुद्ध भोग का र्पण 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के 14 क्षेत्रीय समितियों में विभक्त 108 से अधिक ग्रामों में निवासरत् समाज के रिवारों द्वारा दिनांक 28 जून से 04 जुलाई 2025 तक प्रतिदिन भोग लगाने के पश्चात् श्रद्धालुओं को वितरण किया नावेगा।

नवीन रथ निर्माण कार्य भी पूर्णता की ओर है, एक रथ के नवीन कपड़ों का निर्माण टेम्पल कमेटी जगदलपुर के माध्यम से कराया जा रहा है। इस वर्ष विद्युत साज-सज्जा के साथ भव्य स्वरूप में रथ संचालन करने की व्यवस्था की जा रही है।

बस्तर के गोंचा महापर्व में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से ग्रामीण एवं विभिन्न समुदाय के लोग प्रतिवर्ष अपनी सहभागिता निभाते हैं। समाज महापर्व को भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत् हैं। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज गोंचा महापर्व में सभी समाज, समुदाय के लोगों को महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के दर्शन लाभ हेतु आंमत्रित करती है। बस्तर अंचल का दशहरा पर्व एवं गोंचा महापर्व अपनी समृद्ध गौरवशाली परम्पराओं के लिए देश-विदेश तक अपना विशिष्ट स्थान रखता है, जो आप सभी के सहयोग के बिना संभव नहीं है। इस हेतु प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी आपके सहयोग की अपेक्षा समाज करती है।

दिनांक 05 जुलाई 2025 को बाहुड़ा गोंचा पूजा विधान के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं बलभद्र स्वामी श्री मंदिर लौटेंगे, एवं कपाट फेड़ा पूजा विधान में माता लक्ष्मी एवं महाप्रभु श्री जगन्नाथ के मध्य संवाद पश्चात् गर्भगृह में स्थापित होंगे। दिनांक 06 जुलाई 2025 को देवशयनी एकादशी के साथ गोंचा महापर्व का परायण आगामी वर्ष के लिए होगा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img