मुर्गेश शेट्टी,बीजापुर 25 जुलाई | बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत केशकुतुल के आश्रित ग्राम केशामुड़ी की प्राथमिक शाला में आखिरकार फिर से बच्चों की पढ़ाई शुरू हो गई है। बीते माह 16 जून से बंद पड़ी यह शाला अब खुल चुकी है और शिक्षक की नियुक्ति भी कर दी गई है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई न्यूज़ में प्रकाशित कल की खबर ने। 24 जुलाई को प्रकाशित समाचार “केशामुड़ी स्कूल में ताले की गूंज, बच्चों के भविष्य पर सन्नाटा” ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया और इसके तुरंत बाद 25 जुलाई को शिक्षक की नियुक्ति कर दी गई।
गांव के वार्ड क्रमांक 7 के पंच श्री सुखराम कावासी ने जानकारी देते हुए बताया कि “आपके द्वारा प्रकाशित समाचार से शासन हरकत में आया और स्कूल को पुनः प्रारंभ किया गया। आज हमारे बच्चों ने पढ़ाई की। इसके लिए हम ग्रामवासियों की ओर से न्यूज़ को और आप को को हृदय से धन्यवाद देते हैं।”
स्थानीय लोगों में इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर है। लंबे समय से शिक्षा से वंचित हो रहे बच्चों को अब फिर से शिक्षा का अधिकार मिल सका है। यह उदाहरण साबित करता है कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका समाज के सबसे अंतिम छोर तक असर डाल सकती है।
