पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत, ग्रामीण विकास पर हुई सार्थक चर्चा
मुर्गेश शेट्टी,बीजापुर।जिला पंचायत बीजापुर की नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती नम्रता चौबे से मंगलवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुल्लैया ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर सीईओ चौबे को नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यकाल के लिए मंगलकामना व्यक्त की।
उपाध्यक्ष पुल्लैया ने आशा व्यक्त की कि श्रीमती चौबे के नेतृत्व में जिले की विकास योजनाओं को नई दिशा मिलेगी तथा पंचायत स्तर तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा।
सौजन्य मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विकास, ग्रामीण अंचलों की समस्याएं, तथा प्रशासनिक समन्वय को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने जिले के समग्र विकास के लिए सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सीईओ नम्रता चौबे ने शुभकामनाओं एवं सहयोग के लिए आभार प्रकट किया और कहा कि वे जिले के चहुँमुखी विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे टीम भावना के साथ कार्य करेंगी, जिससे योजनाओं का प्रभाव बेहतर तरीके से जनता तक पहुंचे।
